जम्मू। अब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी गोल्फ सीख कर इसमें नाम कमा सकेंगे। श्रीनगर के बाद जम्मू तवी गोल्फ कोर्स में गोल्फ प्रशिक्षण अकादमी शुरू हुई हो गई है। बुधवार को इसका शुभारंभ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया। जल्द ही अकादमी में 100 बच्चों का पहला बैच प्रशिक्षण शुरू करेगा। वहीं, 15 दिनों के बाद दूसरा चरण शुरू होगा।
उपराज्यपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार गोल्फ को समावेशी बनाने के लिए प्रयासरत है। गोल्फ को लोकप्रिय बनाने के लिए श्रीनगर गोल्फ कोर्स में गोल्फ अकादमी की स्थापना की है। अब जम्मू में इसका आगाज किया गया है। चालू वित्त वर्ष में 20 जिलों में 221 खेल मैदान और 157 स्पोर्ट्स कोर्ट की मरम्मत व निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। गोल्फ अकादमी में राष्ट्रीय और राज्यस्तर के खिलाड़ियों के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र भी होगा। खेल समाज के लोगों को जोड़ने का काम करता है। प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स बनाया जाएगा। श्रीनगर में एक प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) कार्यक्रम आयोजित किया गया था और अब इसी तर्ज पर जम्मू में भी टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। सनासर गोल्फ कोर्स को भी नया रूप दिया जाएगा। इस दौरान उपराज्यपाल ने बच्चों को गोल्फ से संबंधित पुस्तिका वितरित कीं।
पर्यटन विभाग के सचिव सरमद हफीज ने पर्यटन क्षमता को बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रमुख परियोजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उपराज्पाल ने बताया कि सरकार ने अभी तक 11000 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।