जम्मू। घाटी में लक्षित हत्याओं और हमलों के विरोध में कश्मीरी पंडितों में आक्रोश है। बुधवार को कश्मीरी ऑल इंडिया यूथ कश्मीरी समाज (वाईएआईकेएस) के सदस्यों ने प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन कर सरकार से सुरक्षा की मांग उठाई है। इसके साथ ही घाटी में शांति भंग करने वालों और अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। उन्होंने सरकार से पंडितों की घाटी वापसी के लिए जमीनी स्तर पर पहल करने की भी अपील की है।
प्रदर्शन करते हुए सदस्यों ने कहा कि कश्मीरी पंडितों की घाटी में वापसी के बिना वहां पर अमन और शांति नहीं आएगी। घाटी में सनातन धर्म और तिरंगे का असली रखवाला कश्मीरी पंडित समाज ही है। इसलिए सरकार पंडितों की घाटी वापसी के लिए जमीनी स्तर पर पहल करे। घाटी में गैर कश्मीरी और पंडितों की लक्षित हत्याओं का सिलसिला फिर शुरू हुआ है, जिसे रोकना होगा।
वाईएआईकेएस के अध्यक्ष आरके भट्ट ने कहा कि कश्मीरी पंडितों के हुए नरसंहार को द कश्मीर फाइल्स फिल्म ने दिखाया है। कश्मीरी पंडितों के साथ हुए नरसंहार में शामिल लोगों को सरकारों ने आराम दायक जीवन दिया है, जिससे उन्हें प्रोत्साहान मिला है। जब भी कश्मीरी पंडितों की घर वापसी की कोई बात होती है, तब आतंकी गैर कश्मीरी और पंडितों की हत्या करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पंडितों की सुरक्षा को पुख्ता करे, ताकि पंडितों की घाटी वापसी यकीनी बन सके।