रियासत में मौसम के फिर बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से अगले 48 घंटों तक जम्मू और कश्मीर संभाग के अधिकतर हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होगी।
खराब मौसम का असर 13 फरवरी तक रह सकता है। इसमें कुछ स्थानों पर बारिश होगी। मौसम के मिजाज को देखते हुए बर्फबारी प्रभावित इलाकों में सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
खराब मौसम से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। लद्दाख रीजन ज्यादा प्रभावित नहीं होगा। इस बीच न्यूनतम तापमान माइनस 8.4 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ कारगिल सबसे सर्द रहा।
मौसम खराब होने की सूरत में जम्मू और कश्मीर संभाग के प्रभावित इलाकों में राशन, तेल आदि सामग्री जुटाई गई है। बारिश और बर्फबारी से पारा फिर गिरेगा।
मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर और जनवरी के मौसम को देखते हुए अभी आगे निरंतर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। सामान्य से अधिक बर्फबारी बाबा बर्फानी के देर तक स्थापित रहने के लिए फायदेमंद होगी।