बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोमवार को कश्मीरी छात्रों द्वारा जमकर बवाल मचाने के मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर दी है। इस संबंध में विवि के उप कुलपति प्रो. जावेद मसर्रत ने बताया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मंगलवार को परिसर का माहौल शांतिपूर्ण रहा। बिना किसी डर भय के कक्षाएं चलीं। जैव प्रौद्योगिकी विभाग के डीन प्रो. जीएच डार की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। इसे तीन दिन में जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।
वीसी ने बताया कि कमेटी की रिपोर्ट को अनुशासन कमेटी के समक्ष पेश किया जाएगा। उसकी सिफारिश के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें दोषी छात्रों को विश्वविद्यालय से निष्कासित भी किया सकता है।