जम्मू। प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर युवाओं को ज्यादा चपेट में ले रही है। 18 से 45 साल के युवाओं को अन्य आयु वर्गों के मुकाबले ज्यादा संक्रमण हो रहा है। वहीं इसी आयु वर्ग के मरीजों की मौतें भी ज्यादा हो रही हैं। प्रदेश में वर्तमान में कोविड मरीजों के 28359 मामलों में करीब 15 हजार मरीज इसी आयु वर्ग के हैं।
आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ मंडलायुक्त जम्मू डॉ. राघव लंगर की तरफ से कोविड पर बनाई गई टास्क फोर्स में शामिल डॉक्टर राजिंद्र थापा का कहना है कि कोविड की पहली लहर में बुजुर्ग ज्यादा संक्रमित हो रहे थे। दूसरी लहर में कोरोना वायरस के कई वेरिएंट आ गए हैं। एक साल में लोग कोरोना से कैसे बचाव करना है कुछ हद तक सीख चुके हैं। इस वजह से बच्चे और बुजुर्ग घर से जरूरत के अनुसार बाहर निकल रहे हैं। लेकिन 18 से 45 साल की आयु में अभी भी लोग या तो आजीविका या फिर अन्य कई कारणों की वजह से घर से बाहर रहते हैं। इस वजह से दूसरी लहर में इसी आयु वर्ग के लोग ज्यादा चपेट में आ रहे हैं और मृत्यु दर भी इसी आयु वर्ग की ज्यादा है।
जम्मू संभाग हो या कश्मीर दूसरी लहर में करीब साठ फीसदी मामले इसी आयु वर्ग के हैं। ऐसे में इस आयु वर्ग को इस बार खास एहतियात बरतकर और डबल मास्क पहनकर ही घर से बाहर निकलना चाहिए। जम्मू संभाग में यूके वेरिएंट भी लोगों को काफी तेजी से संक्रमित कर रहा है।