जम्मू शहर में नये मोटर वाहन अधिनियम के नियमों की सख्ती का असर दिखने लगा है। पहले के मुकाबले अब वाहन दुर्घटनाओं के ग्राफ में काफी कमी आई है। पहले हर माह 60 से 70 मामले जीएमसी में पहुंचते थे। अब हर माह 15 से 20 ही दुर्घटनाओं के मामले जीएमसी आ रहे हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। नियमों की अवहेलना होने पर मोटे चालान भी किए जा रहे हैं। इस कारण तेज रफतार वाहन चलाने से होने वाली वाहन दुर्घटनाओं के ग्राफ में अगस्त माह के बाद काफी गिरावट आई है। सितंबर माह में 12 मामले ही वाहन दुर्घटनाओं के पहुंचे थे।
अक्तूबर माह में 20, नवंबर माह में 22 और दिसंबर माह में अभी तक 10 मामले ही जीएमसी इलाज के लिए पहुंचे हैं। हालांकि कुछ मामलों में वाहन दुर्घटनाओं में चालकों को मामूली चोटें आईं। इस कारण इनका कोई भी रिकॉर्ड जीएमसी पुलिस पोस्ट में नहीं होता।
हालांकि जून में 50, जुलाई में 62 से ज्यादा मामले वाहन दुर्घटनाओं के एक ही माह में पंजीकृत हुए थे। इन में दर्जनों लोग अपनी जान गवां बैठे हैं। एसएसपी ट्रैफिक सिटी जम्मू जोगिंद्र सिंह ने बताया कि नियमों को सख्ती से लागू करवाया जा रहा है। बिगडै़ल वाहन चालकों के चालान काटे जा रहे हैं।