आईजी विजय कुमार ने जिले के अधिकारियों से विशिष्ट खुफिया जानकारी एकत्रित करने के लिए कहा। साथ ही आतंकवाद विरोधी अभियानों को तेज करने और जिले में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने की बात दोहरायी। उन्होंने अधिकारियों को आतंकवादियों के मददगारों पर कड़ी निगरानी रखने पर भी जोर दिया।
कश्मीर जोन के आईजी विजय कुमार शनिवार को दक्षिणी कश्मीर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कुलगाम जिले के डीसी, एसएसपी, सीओ सीआरपीएफ व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। आईजी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकार ली। आईजीपी कश्मीर के साथ डीआईजी-एसकेआर और डीआईजी सीआरपीएफ भी थे।
विज्ञापन
जिले के अधिकारियों ने आईजी को मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य, मौजूदा सुरक्षा ग्रिड, और जिले में चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए अपनाए जा रहे उपायों के बारे में जानकारी दी। बैठक के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों की विस्तृत सुरक्षा समीक्षा पर भी चर्चा की गई।
संबंधितों को मौजूदा सुरक्षा और अन्य उपायों पर फिर से विचार करने और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय करने का निर्देश दिया गया। आईजीपी कश्मीर ने अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए उनसे सामान्य सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करने और जमीन पर काम करने वाली एजेंसियों के बीच तालमेल सुनिश्चित करने का आग्रह किया।