कश्मीर के आईजी विजय कुमार ने कहा है कि आतंकी व पाकिस्तान में बैठे उनके हैंडलर आतंकी संगठनों के शीर्ष कमांडरों के मारे जाने से बौखला गए हैं। अलगाववादी नेता सैय्यद अली शाह गिलानी की मौत से भी इन संगठनों को झटका लगा है। इसी कारण उन्होंने दहशत फैलाने के उद्देश्य से पुलिसकर्मी और श्रमिक की हत्या को अंजाम दिया।
बौखलाहट के चलते आतंकी संगठनों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। वे हिट एंड रन के साथ-साथ ग्रेनेड हमलों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं ताकि सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाया डा सके। इतना ही नहीं ऐसी घटनाओं को ओवर ग्राउंड वर्करों (ओजीडब्ल्यू) और हाइब्रिड आतंकियों द्वारा अंजाम दिया जा रहा है ताकि अगर उनमें से कोई मारा या पकड़ा भी जाता है तो आतंकी संगठनों को ज़्यादा बड़ा धक्का न लगे।
जम्मू-कश्मीर में कुलगाम के नेहामा इलाके में आतंकियों ने बिहार के एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार मृत की पहचान शंकर चौधरी के रूप में हुई है जो वहां पर मजदूरी करता था। अधिकारी ने बताया कि आतंकियों ने एक स्थानीय मजदूर को शुक्रवार शाम को गोली मार दी। जिसके बाद उसे अस्पताल में ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- महबूबा मुफ्ती बोली: पाकिस्तान से बात नहीं करेंगे तो कैसे चलेगा, अनुच्छेद 370 व 35-ए हटाना गैर कानूनी
गौरतलब है कि शुक्रवार की शाम ही कश्मीर संभाग के कुलगाम में आतंकियों ने पुलिस के जवान की गोली मार कर हत्या कर दी। शहीद जवान की पहचान बंटू शर्मा के रूप में हुई है। बेटे की शहादत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। उधर, हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले रविवार को आतंकियों ने श्रीनगर में घात लगाकर सब इंस्पेक्टर अर्शीद अहमद की हत्या की थी।
आतंकियों का निशाना बने ये पुलिस कर्मी
12 सितंबर - श्रीनगर के खानयार इलाके में जम्मू -कश्मीर पुलिस के सब-इंस्पेक्टर अर्शिद अहमद।
27 जून - त्राल में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसपीओ फैयाज अहमद।
22 जून - श्रीनगर के कनिपोरा नौगाम में सीआईडी विंग के एक इंस्पेक्टर परवेज अहमद डार।
12 जून - सोपोर में दो पुलिस कर्मी शहीद
7 जून - श्रीनगर के पुराने शहर के ईदगाह के सैदपोरा इलाके में पुलिस जवान शहीद।
13 फरवरी - श्रीनगर के बरजुल्ला इलाके में दो पुलिसकर्मी शहीद