जम्मू। ऑनलाइन परीक्षाओं की मांग को लेकर जम्मू विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों की भूख हड़ताल बुधवार को छठे दिन भी जारी रही। इस दौरान उन्होंने वीसी कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर आवाज बुलंद की। वहीं, मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने की चेतावनी दी है।
एनएसयूआई के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे इंजीनियररिंग विभाग के छात्रों ने कहा कि कई उच्चाधिकारियों से संबंधित मुद्दे को लेकर बात हुई है, लेकिन अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। अंकुश ने कहा कि वीसी ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश प्रशासन इस बारे में फैसला देगा। गुस्साए छात्रों ने कहा पांच दिन से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। अन्य विभागों की डेटशीट ऑनलाइन जारी कर दी गई है। सिर्फ इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों के साथ भेदभाव हो रहा है। शारिक ने कहा कि छह माह का पाठ्यक्रम तीन माह में पूरा करवाया गया है। ऑनलाइन मोड से शिक्षकों ने पीडीएफ उपलब्ध करवाई थी, जिस कारण पढ़ाई नहीं हुई है। पहले विवि ने इंजीनियरिंग की परीक्षाएं ऑनलाइन करवाने का फैसला लिया था, लेकिन अचानक अधिसूचना रद्द कर दी है। छात्रों की डिग्री लंबित हो रही है, जिस कारण वह किसी नौकरी के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। हिमांशु और सौरभ ने कहा कि सभी विभागों के लिए विश्वविद्यालय में एक ही नियम होता है। लेकिन इस विवि में छात्रों को प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब कर भूखहड़ताल जारी रहेगी।