जम्मू। जम्मू संभाग में अब किसान मूंग की नई किस्म-0936 की बिजाई कर दोगुना उत्पादन के साथ अपनी आय बढ़ा सकेंगे। यह नई किस्म 80 के बजाय 60 दिन में पककर तैयार होगी और इसे सीजन में दो बार उगाया जा सकेगा। पहली खेती अप्रैल और दूसरी अगस्त में होगी। जम्मू, सांबा, कठुआ और उधमपुर जिले में सिंचाई की सुविधा है, जहां किसान मूंग की इस नई ब्रीड को आसानी से उगा सकेंगे। नई किस्म की खास बात यह है कि प्रति हेक्टेयर में इसकी 14 क्विंटल तक पैदावार होगी। इससे पहले जम्मू संभाग में एसएमएल-608 किस्म मूंग का बीज उगाया जा रहा था। इसकी पैदावार प्रति हेक्टेयर सात क्विंटल के आसपास रहती थी।
शेर-ए कश्मीर कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय (स्कॉस्ट) जम्मू के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि विवि की ओर से किसानों को मार्च में मूंग की इस नई ब्रीड का बीज मुहैया करवाया जाएगा। इसके अलावा कृषि विभाग के माध्यम से भी बीज वितरित किया जाएगा। इस समय प्रदेश में बीस हजार हेक्टेयर भूमि में मूंग की खेती की जा रही है।
---------------
मरीजों के लिए दाल फायदेमंद
बीमार लोगों के लिए दाल का सेवन फायदेमंद माना जाता है। बाजार में भी मूंग की दाल ज्यादा खरीदी जाती है। यह विटामिन, पोषक तत्व से भरपूर होती है। चिकित्सक भी बीमार लोगों को इस दाल का सेवन करने की सलाह देते हैं।
----------------
कृषि विभाग करवाएगा मंडियां मुहैया
दाल को बेचने के लिए कृषि विभाग के माध्यम से मंडियां भी मुहैया करवाई जाएंगी। इससे किसानों को फसल बेचने में परेशानी नहीं आएगी। मंडियों के माध्यम से उचित दाम मिल जाएगा। बाजार में इस दाल का दाम 120 रुपये है।
--------------
कोट
मूंग की नई किस्म-0936 की बिजाई से किसानों की आय चार गुना बढ़ेगी। इसे साल में दो बार उगाया जा सकेगा। साथ ही पहले के मुकाबले पैदावार भी दोगुना मिलेगी। मूंग की इस नई किस्म के बीज को मार्च से किसानों को मुहैया करवाया जाएगा।
- प्रदीप बाली, रिसर्च निदेशक, स्कॉस्ट जम्मू