घगवाल (सांबा)। तहसील घगवाल की पंचायत पटयाड़ी काटला के वार्ड -2 निवासी सेवाराम प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित है। वह विभाग सहित नेताओं के दरवाजे भी दस्तक दे चुका है। उसे किसी ने भी सरकारी योजना का लाभ देने की पहल नही की। इसको लेकर उसका अब सरकारी अधिकारियों और नेताओं से विश्वास उठने लगा है।
सेवाराम ने बताया कि उसकी एक कुल्ली है। वह गिरने के कगार पर है। जब बारिश होती है तो पानी कुल्ले के अंदर भर जाता है। प्रधानमंत्री आवास योजना से सहायता के लिए वह विभाग को बार-बार दस्तावेज देता रहा, लेकिन योजना से वंचित रह जाता है। उसके बाद जिन लोगों ने मकान बनाने के लिए दस्तावेज विभाग को दिए उनको लाभ मिल चुका है। सेवाराम की दो लड़कियां भी हैं। जो पढ़ रही हैं। शादी के योग्य भी हो रही हैं। सेवाराम की पत्नी वर्षों से बीमार है वह जो भी दिहाड़ी कमाता है सारा पैसा उसी के इलाज में खर्च हो जाते हैं। उसने उपायुक्त अनुराधा गुप्ता से मांग की है कि उसे इस योजना का लाभ दिया जाए।
-----
पहले किन कारणों से उसका नाम प्रधानमंत्री योजना से वंचित रहा, यह देखना पड़ेगा, लेकिन अब सेवाराम को इस योजना का पूरा लाभ शीघ्र ही मिलेगा।
-मोनिका शर्मा, बीडीओ