नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर पाकिस्तान की ओर से लगातार हो रही गोलाबारी को देखते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह जल्दी ही जम्मू कश्मीर का दौरा करेंगे। सूत्रों के मुताबिक 29 अगस्त को गृहमंत्री राजनाथ सिंह जम्मू आ सकते हैं।
गृहमंत्री ने सोमवार को दिल्ली में सेना और बीएसएफ के अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा के हालात की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने बीएसएफ को गोलाबारी से प्रभावित इलाकों में रह रहे लोगों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने का निर्देश दिया।
नार्थ ब्लॉक में हुई बैठक में गृहमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से जम्मू और कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के हालात की जानकारी ली और बीएसएफ को सीमा से लगते इलाकों में रह रहे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।