आतंकी संगठन ने वीडियो के बाद अब पोस्टर से धमकी
- फोटो : social media
हिजबुल आतंकी संगठन ने वीडियो के बाद अब पोस्टर से धमकी जारी की है। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में हिजबुल के लेटर पैड पर जगह-जगह धमकी भरे पोस्टर चस्पा किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि 26 जनवरी के समारोहों में किसी हाल में शामिल न हों।
फरमान को न मानने वाले अंजाम भुगतने को तैयार रहें। पोस्टर के मजमून में 2016 की हिंसा में मारे गए लोगाें का हवाला देकर काला दिवस मनाने को कहा गया है। पोस्टर की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस जानने की कोशिश कर रही है कि यह हरकत आतंकी संगठन की है या फिर समाज के ही कुछ शरारती तत्वों की।
आतंकी संगठन हिजबुल के नये वीडियो में दी गई धमकी से घाटी के मुलाजिम दहशत में हैं। वीडियो में खासकर सरकारी मुलाजिमों से गणतंत्र दिवस समारोह में शिरकत करने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। इस बीच पुलिस महानिदेशक एसपी वैद ने घाटी समेत पूरी रियासत में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया है। श्रीनगर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे डीजीपी एसपी वैद ने कहा, गणतंत्र दिवस के लिए तमाम जरूरी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।