दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के सिंथन इलाके में सीआरपीएफ के काफिले पर सोमवार सुबह आतंकियों ने हमला कर दिया। इसमें सात जवान घायल हो गए। एक स्थानीय नागरिक भी जख्मी हुआ है।
हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने ली है। आतंकी संगठन के प्रवक्ता बुरहानउद्दीन ने एक स्थानीय न्यूज एजेंसी को फोन पर यह जानकारी दी है।
आतंकियों ने हमला उस समय किया जब सीआरपीएफ का काफिला श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रहा था। काफिला जब जिले के बिजबिहाड़ा कस्बे के सिंथन इलाके में पहुंचा तो आतंकियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
हमले में सीआरपीएफ की 179वीं और 53वीं बटालियन के सात जवान घायल हो गए। एक स्थानीय नागरिक को भी गोली लगी है। सभी घायलों को उप जिला अस्पताल अनंतनाग में भर्ती कराया गया।
यहां से जवानों को श्रीनगर के बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल और स्थानीय नागरिक को एसएमएचएस अस्पताल में रेफर कर दिया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।