जम्मू कश्मीर के एनएच 1 हाइवे पर सीआरपीएफ के काफिले पर सेना की वर्दी पहने आतंकवादियों ने हमला कर दिया है। हमले में सात जवानों के घायल होने की सूचना है। जबकि एक आम नागरिक भी हमले में घायल हुआ है।
हमला करते ही आतंकवादी भाग निकले, फिलहाल सीआरपीएफ, आर्मी और पुलिस का ज्वाइंट ऑपरेशन आतंकवादियों को ढूंढ़ने में लगा है। एनएच1 हाइवे पर रोड ऑपनिंग पार्टिज हाइवे की सुरक्षा का मुआयना करने सुबह निकली थी।
सीआरपीएफ की बस जब श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रही थी, इस बीच अनंतनाग जिले के बिजभेरा के निकट सिंथन में भारतीय सेना की वर्दी पहने आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के काफिले पर हमला कर दिया।
अमरउजाला से बातचीत में सीआरपीएफ के पीआरओ आशीष कुमार ने बताया कि सीआरपीएफ की रोड ऑपनिंग पार्टीज रोज सुबह की तरह हाइवे की सुरक्षा का जायजा करने निकली थी। इस बीच नदी के किनारे-किनारे निकलकर आतंकी हाइवे पर पहुंच गए।
भागने में कामयाब हुए आतंकी
आतंकवादियों ने एकाएक गोलियां बरसानी शुरू कर दी, सीआरपीएफ के जवान जब तक कुछ समझ पाते सात सीआरपीएफ के जवान घायल हो गए।
रोड ऑपनिंग पार्टीज में शामिल सीआरपीएफ बंकर और दूसरे हथियारों से सीआरपीएफ ने जवाबी हमला कर दिया, जिससे आतंकी भागने में कामयाब रहे।
फिलहाल सीआरपीएफ, आर्मी और पुलिस ज्वाइंट ऑपरेशन में आतंकवादियों को ढूंढ़ने में लगी है। घायल होने वाले जवानों में संजय कुमार पुत्र बसंत लाल, ओम प्रकाश पुत्र विल्लास राम, एस गोपी नाथ पुत्र शान बनगुम, सबेन नायक पुत्र नारायण नायक, जगदीप सिंह पुत्र भूषण सिंह, गोविंदर सिंह पुत्र मदन सिंह, राजा राम पुत्र चंदर पाल सिंह सभी घायल जवान 53 बटेलियन के हैं।
जबकि हमले में एक आमआदमी के घायल होने की भी खबर है। जिसका नाम रईस अहमद दार पुत्र अमीन निवासी पुलवामा बताया जा रहा है।
एक महीने में लगातार दूसरा हमला
सभी घायलों को बिजभेरा के एसडी हॉस्पिटल से बीएंडजे हॉस्पिटल श्रीनगर में रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले आतंकवादी हिजबुल मुजाहिददीन के हैं।
ये एक महीने में लगातार दूसरा हमला है। माना जा रहा है कि कुछ दिन पहले मारे गए तीन हिजबुल मुजाहिददीन आतंकवादियों का बदला लेने के लिए आतंकवादियों ने ये हमला किया है।
गौरतलब है कि अगस्त महीने में भी उधमपुर में आतंकवादियों ने बीएसएफ के काफिले पर हमला कर दिया था। जिसमें एक आतंकवादी नावेद को जिंदा पकड़ लिया गया था।
केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी सीआरपीएफ पर हुए हमले पर दुख व्यक्त किया है। गृहमंत्री लगातार ऑपरेशन पर नई दिल्ली से नजर बनाए हुए हैं।