रियासत की जेलों में सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए इन्हें रोशनी की चकाचौंध में रखा जाएगा, ताकि जेल के चारों तरफ कहीं सुई भी गिरे, तो वो नजर आए। जेलों में हाई मास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
निजी कंपनियों को इन लाइटों को लगाने का जिम्मा दिया है। लाइटें लगाने वाली कंपनी पहले तीन साल तक लाइटों को मेंटेनेंस भी देंगी। हालांकि अभी तक कंपनी का चयन नहीं हो पाया है।
जेल विभाग की ओर से जम्मू, कुपवाड़ा और उधमपुर की जिला जेल, श्रीनगर और जम्मू की सेंट्रल जेल में हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया है। इन जेलों में मौजूदा समय सामान्य लाइटें लगी हैं।
हाई मास्ट लाइट लगाने से इन जेलों में हर तरफ रात के समय में भी पैनी नजर रखी जा सकेगी। करीब दो करोड़ की लागत से लाइटें लगाई जाएंगी। तीन महीने के भीतर इन लाइटों को लगाने का समय निर्धारित किया है।
विभाग के डीजीपी एसके मिश्रा का कहना है कि सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से ऐसा किया जा रहा है। बताते चलें कि जम्मू की सेंट्रल जेल कोट भलवाल बार्डर के नजदीक है। इसलिए जहां सुरक्षा को पुख्ता करना और भी जरूरी हो जाता है।
गौरतलब है कि कुपवाड़ा जिले में अकसर आतंकी हमले होते रहे हैं और उधमपुर जिले में भी पिछले साल आतंकी हमला हुआ। इन सबको देखते हुए इन दोनों जिलों की जिला जेल की सुरक्षा मजबूत करने में यह कदम उठाया गया है।