दिल्ली हाईकोर्ट ने कटड़ा-बनिहाल रेलवे लाइन सुरक्षा पर उठाए गए सवाल को गंभीरता से लिया है। अदालत ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन तथा इससे जुड़े अन्य सदस्यों को शपथपत्र सहित जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है कि क्या सुरक्षा संबंधी किए गए सर्वे से वे पूरी तरह से संतुष्ट हैं या नहीं।
न्यायमूर्ति बीडी अहमद व संजीव सचदेव की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि यह रेल प्रोजेक्ट काफी महत्वपूर्ण व संवेदनशील है। याची ने सुरक्षा के मुद्दे को लेकर कई अहम सवाल उठाए हैं और उसकी अनदेखी नहीं की जा सकती।
अदालत ने केंद्र सरकार के तर्क सुनने के बाद कहा कि यदि प्रोजेक्ट पूर्ण रूप से सुरक्षित है और इसे पूरी तरह से सुरक्षा मापदंडों की कसौटी पर खरा उतरने के बाद ही शुरू किया गया है तो उचित है।