उधमपुर सहित रियासत के कुछ हिस्सों में लगातार हुए आतंकी हमलों को ध्यान में रखते हुए भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और लाइन आफ कंट्रोल (एलओसी) के आसपास के इलाकों को हाई अलर्ट कर दिया गया है।
सीमावर्ती इलाकों के पुलिस थानों को खास सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही शहरी इलाकों खासकर हाईवे के आसपास के क्षेत्रों में रात की गश्त बढ़ा दी गई है।
एसएसपी (इंचार्ज) राजीव पांडे के अनुसार वैसे तो स्वतंत्रता दिवस को लेकर पहले ही पुलिस बल को सतर्क कर दिया गया है, लेकिन आतंकी हमलों के कारण सुरक्षा ज्यादा मजबूत की गई है।
खासकर सीमावर्ती इलाकों को रात की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध हरकत से पहले ही परिस्थितियों पर काबू पाया जा सके। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ इलाकों में पुलिस बल तैनात करने के अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।
जीआरपी ने भी रेलवे स्टेशन के अलावा रेल ट्रैक पर खास नजर रखने के लिए जवानों को सतर्क किया है। खासकर रेल ट्रैक पर रात के समय गश्त बढ़ा दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस से पहले हुए आतंकी हमलों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक योजना बनाई है। इसके तहत शहरी इलाकों के तमाम थानों को नाके बढ़ाने और अपने क्षेत्र में रात्रि गश्त करवाने को कहा गया है।
इसके अलावा तमाम थाना क्षेत्रों के संदिग्ध लोगों की सूची भी तैयार करने को कहा गया है। तवी नदी के किनारे वाले इलाकों पर सुरक्षा एजेंसियों को पैनी नजर रखने को कहा गया है, क्योंकि यह क्षेत्र कभी आतंकियों का पनाह स्थल रहे हैं।
इसके अलावा रियासत के अन्य हिस्सों या बाहरी राज्यों से आकर ऐसे क्षेत्रों में किराए पर रहने वाले लोगों की सूची भी तैयार करने को कहा गया है। ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। उच्च पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस लाइन पर आरक्षित बल को भी स्वतंत्रता दिवस से पहले लगाया जाएगा।