पुंछ में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। वीरवार को भारी बारिश के चलते पुंछ की हवेली तहसील के बगयाल दरा गांव में बाढ़ और भारी भूस्खलन का खतरा उत्पन्न हो गया है। जिसे देखते हुए करीब 40 परिवारों को प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है। प्रशासन ने जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
पुंछ के असिस्टेंट कमिश्नर राजस्व शफीक अहमद ने बताया कि सुबह से मूसलाधार बारिश के कारण बगयाल दरा क्षेत्र में पूरा एक मोहल्ला ही बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आ गया है। मोहल्ले के ऊपर की पहाड़ी धीरे-धीरे खिसक रही है।
साथ ही नाले में भी बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। क्षेत्र में करीब 100 से भी अधिक मकानों को खतरा है। इनमें करीब 40 परिवार रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने तुंरत कदम उठाते हुए सभी परिवारों को माल्टी क्षेत्र में एक सामुदायिक भवन और पंचायत घर में शिफ्ट कर दिया गया है।