उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हलमतपुरा इलाके में सेना ने आतंकियों का ठिकाना ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किए। किसी घटना को अंजाम देने के मकसद से छिपाए गए हथियारों के जखीरे को बरामद कर सेना ने बड़ी सफलता हासिल की है। सेना की राष्ट्रीय रायफल्स तथा टेरिटोरियल आर्मी की टुकड़ी ने सटीक सूचना के आधार पर सुबह पौने चार बजे तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान एक ठिकाने में छिपाए गए हथियारों का जखीरा मिला।
ठिकाने से एक एके-47 राइफल, चार एके-47 की मैगजीन, 523 एके-47 के राउंड, एक अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल), 8 अंडर बैरल ग्रेनेड लांचर (यूबीजीएल) ग्रेनेड, एक एके-47 राइफल का साइलेंसर, एक राकेट प्रोपेलेंट ग्रेनेड (आरपीजी), तीन राकेट प्रोपेलेंट ग्रेनेड (आरपीजी) बम, 8 राकेट प्रोपेलेंट ग्रेनेड (आरपीजी) बूस्टर, 7.62 पीका मशीन गन के 312 राउंड, दो आरडीएक्स, सात डेटोनेटर, चार चायनीज ग्रेनेड, तीन पिस्तौल, पांच पिस्तौल की मैगजीन, एक दूरबीन और दो रेडियो सेट बरामद किए गए।