नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने कठुआ में 20 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक पकड़ी गई खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 100 करोड़ से ज्यादा है। सूत्रों ने बताया कि कश्मीर की ओर से आ रही कार में नशे की बड़ी खेप की तस्करी की जानकारी के बाद नाका लगाया गया था। पल्ली मोड़ के नजदीक एनसीबी की टीम ने कार को रोका और उसमें से तलाशी लेने पर हेराइन की खेप को बरामद किया।
उधर जम्मू पुलिस ने गांधी नगर में चेकिंग के दौरान पंजाब नंबर की कार को रोका। तलाशी लेने पर कार चालक से 85 ग्राम हेरोइन, 250 ग्राम चरस और 52 हजार रुपये बरामद किए गए। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम कुपवाड़ा निवासी अब्दुल लतीफ बताया। उसके साथ बैठे दो अन्य लोगों में एक बारामुला के हमपोरा का मंजूर अहमद और दूसरा अब्दुल मजीद शामिल है।
पुलिस के अनुसार पकड़ी गई हेरोइन की कीमत करीब 35 लाख रुपये है। इससे पहले शनिवार को नगरोटा में भी इंटेलिजेंस ने 9 करोड़ की हेरोइन बरामद की गई थी। इसके पहले भी गांधी नगर पुलिस की तरफ से ही 120 ग्राम हेरोइन के साथ कश्मीर के दो तस्करों को पकड़ा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह जम्मू के युवाओं में इसे बेचते हैं। लंबे समय से इस कारोबार में लगे हुए हैं।