आरएस पुरा। सीमावर्ती घरानी गांव में आयुष मंत्रालय की ओर से वीरवार को एक दिवसीय निशुल्क मेडिकल कैंप लगाया गया। जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ निशुल्क दवाइयां भी दी गई।
पंचायत के सरपंच सरदार गुरुदयाल सिंह की अध्यक्षता में लगे कैंप में डॉक्टरों की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान गांव के काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर लाभ उठाया। पंचायत के सरपंच गुरुदयाल सिंह ने बताया कि लोगों को गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं देने के मकसद से कैंप का आयोजन कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से चलाई जा रहीं सभी योजनाओं को पंचायत स्तर तक पहुंचाया जा रहा है। सरपंच ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू-कश्मीर दौरे का भी स्वागत किया और कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री पंचायतों को मजबूत बनाने के लिए कोई विशेष पैकेज देने की घोषणा करेंगे। सरपंचों को एक प्रोटोकोल देकर जाएंगे। पंचायतों में बेहतर तरीके के साथ विकास हो, इसके लिए अतिरिक्त फंड मुहैया किया जाना चाहिए। इस मौके पर डॉक्टर विकास शर्मा ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि इस मौसम में विशेष ध्यान रखना चाहिए। कैंप में पंचायत के नायब सरपंच सहित अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।