रियासी। वार्ड नंबर एक के नई बस्ती मोहल्ले में चलाए जा रहे आयुष्मान केंद्र को स्थानीय लोगों ने मुख्य बाजार में बने मदर एंड चाइल्ड अस्पताल (एमसीएच) में शिफ्ट करने की मांग उठाई है ताकि सभी को इसका लाभ मिल सके। मौजूदा समय में आयुष्मान केंद्र नई बस्ती में एक किराये के मकान में चल रहा है।
स्थानीय निवासी संजीव अत्री ने कहा कि आयुष्मान केंद्र जिस जगह पर है उसका ज्यादातर लोगों को पता ही नहीं चलता है। लोग सस्ती दवाओं का लाभ उठा पाने से वंचित रह जाते हैं। मुनीश शर्मा के अनुसार मदर एंड चाइल्ड अस्पताल की इमारत में कई कमरे खाली पड़े हैं। वहां पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर का कार्यालय भी बनाया गया है। अगर नई बस्ती से आयुष्मान केंद्र इस इमारत में शिफ्ट होता है तो अधिक लोगों को फायदा पहुंचेगा।
सुरिंदर शर्मा के अनुसार आयुष्मान केंद्र लोगों को सस्ती व आयुर्वेदिक दवाओं की सुविधा प्रदान करने के लिए है लेकिन नगर के बाहरी हिस्सों में रहने वाले लोगों को अभी केंद्र का लाभ नहीं मिल पा रहा। वरिष्ठ नागरिक विनोद शर्मा ने बताया कि वह इस मामले को लेकर डिप्टी कमिश्नर व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जल्द मिलेंगे। आयुष्मान केंद्र को एमसीएच की इमारत में शिफ्ट करने के प्रयास किए जाएंगे ताकि सभी को इसका फायदा मिल सके।