स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री चौधरी लाल सिंह ने वीरवार को सौहांजना, कोट भलवाल के अलावा शहर में सुभाष नगर, गुज्जर नगर और डिग्याना में इवनिंग हेल्थ सेंटरों का दौरा कर संस्थानों की कार्यशैली की जांच की। इस दौरान सुभाष नगर, गुज्जर नगर और डिग्याना में इवनिंग हेल्थ सेंटरों को बंद पाया।
मंत्री ने चीफ मेडिकल अफसर (सीएमओ) डा. रोबिंद्र खजूरिया के अलावा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ हेल्थ सेंटरों के दौरे के दौरान बंद पाए सेंटरों पर मौके पर ही चीफ मेडिकल अफसर से कहा कि वह गैर हाजिर डाक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ से स्पष्टीकरण लें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर स्टाफ की मौजूदगी को यकीनी बनाया जाए, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशान न होना पड़े। चौधरी लाल सिंह ने इस अवसर पर संबंधित डाक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को कहा कि वह स्वास्थ्य सेवाओं को पूरे निष्ठा भाव के साथ लोगों को मुहैया करवाएं।
इस दिशा में किसी तरह की कोताही पर सख्ती से निपटा जाएगा। मंत्री ने सौहांजना में पर्याप्त संख्या में प्राइमरी हेल्थ सेंटर में स्टाफ मुहैया करवाने के लिए भी निर्देश जारी किए।