आरएस पुरा। उप जिला अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते एक महिला ने अस्पताल परिसर के भीतर गाड़ी में ही बच्चे को जन्म दे दिया। यह घटना सोमवार की है। उपजिला के बड़याल ब्राह्मणा गांव से एक महिला उषा देवी पत्नी संपूर्ण चंद को यहां प्रसव के लिए लाया गया।
महिला की हालत नाजुक होने के बावजूद भी अस्पताल में नियुक्त सवा घंटा बीतने के बावजूद किसी भी डॉक्टर ने इस महिला की पीड़ा को महसूस नहीं किया और नतीजतन अस्पताल के बाहर गाड़ी में ही इस महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। अस्पताल में तैनात कुछ महिलाओं से इस महिला का दर्द नहीं देखा गया और उन्होंने उसका प्रसव कराने में मदद की। अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने इस महिला की मदद नहीं की। महिला के पति के अनुसार उसने जब डॉक्टरों से मदद मांगी तो उसे जवाब दे दिया गया कि इस अस्पताल में डिलीवरी के मामले नहीं देखे जाते। यह सिलसिला यहीं खत्म नहीं हुआ और डॉक्टरों ने इस परिवार को जम्मू के एसएमजीएस अस्पताल जाने का फरमान सुना दिया। इस दौरान महिला की प्रवास पीड़ा बढ़ गई और देखते ही उसने गाड़ी में ही बच्चे को जन्म दे दिया। इस संबंध में जब ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर से बात करनी चाही तो उन्होंने इस बारे में कोई बात नहीं की, लेकिन घटना का संज्ञान लेते हुए एसडीएम रामलाल शर्मा ने ब्लॉक मेडिकल अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से जवाब मांगा है कि आखिर किस हालत में अस्पताल परिसर के अंदर गाड़ी में बच्चे को जन्म दिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से एक दिन के भीतर इस बात का जवाब देने का आदेश दिया है। एसडीएम रामलाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ इसकी जांच भी की जा रही है कि आखिर किन हालातों में महिला ने बच्चे को गाड़ी में जन्म दिया है। यहीं-नहीं अस्पताल में मौजूद महिला डॉक्टर ने वहां पत्रकारों के साथ भी बदसलूकी की और अस्पताल से निकाले जाने के लिए निर्देश जारी कर दिया।