सांबा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना की रोकथाम के लिए 12 से 14 वर्ष की आयु के छात्रों को उनके स्कूलों में ही टीकाकरण किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में तो छात्र स्वयं ही टीका लगवाने के उत्सुक दिखे। वहीं, निजी स्कूल प्रबंधन की ओर से अभिभावकों को भी स्कूलों में बुलाया गया। कई बच्चे टीका लगवाने में आनाकानी कर रहे थे, जबकि अधिकतर बच्चों ने उत्साह के साथ वैक्सीन की खुराक ली।
निजी स्कूल की छात्रा तनिष्का व अलीशा हंसा ने बताया कि पहले वे डर रही थीं। बताया गया था कि वैक्सीन से दर्द होता है, बुखार होता है। बाद में उन्होंने स्वयं ही खुराक ली। उन्होंने अन्य छात्रों को भी बताया कि वे अपनी खुराक लें। छात्र हिमांशु के परिजनों के अनुसार वह टीका लगवाने से काफी डरता है। उसे घर से ही अच्छी तरह से समझाया गया, जिस पर उसने शिक्षकों के सामने वैक्सीन की खुराक ली।
अधिकतर परिजनों का कहना है कि उन्हें टीकाकरण केंद्रों के बारे में बताया गया, जिस पर वह बच्चों के साथ पहुंचे। अधिकतर स्कूलों में ही टीकाकरण अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार निजी स्कूलों के प्रबंधकों ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ भी पूरा सहयोग किया।
राजपुरा के सनूरा स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले छात्रों में 90 प्रतिशत टीकाकरण पूरा हो चुका है। कुछ बच्चे रह गए हैं जो बाहरी स्कूलों में पढ़ रहे हैं।
-डॉ. रीतिका गुप्ता, इंजार्च, स्वास्थ्य केंद्र, सनूरा।
नौशेरा में बच्चों में कोविड टीकाकरण को लेकर उत्साह
वहीं, नौशेरा में 12 से 14 वर्ष आयु के बच्चों में कोविड टीकाकरण अभियान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। सरकारी व निजी स्कूलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों को टीकाकरण कर रही हैं। बच्चों के मन में पहले तो डर था। अभिभावकों के साथ बच्चे जब टीकाकरण करा कर आए, तो उत्साहित दिखे। जो बच्चों के मन में डर था वो दूर हो गया। स्कूल में लंबी कतारों में खड़े होकर बच्चों ने टीकाकरण कराया।
हायर सेकेंडरी स्कूल नौशेरा की छात्रा ने बताया, 'आज मैंने और मेरी सहेलियों ने कोरोना टीका लगावाया। टीका लगाने से सुरक्षा मिलेगी। सभी को टीका लगाना चाहिए, ताकि देश कोरोना मुक्त हो।' वहीं, हायर सेकेंडरी स्कूल फॉर गर्ल नौशेरा की छात्रा नाहिरा कौसर ने बताया, 'टीका लगाने के बाद मुझे कोई तकलीफ नहीं हुई। टीका लगवाने के बाद कोविड को लेकर मेरे अंदर आत्मविश्वास बढ़ा है।'
क्राइस्ट हाई स्कूल की छात्रा संजना शर्मा ने बताया, 'टीकाकरण लगवाने से पहले मुझे डर लग रहा था, लेकिन जब मैंने वैक्सीन लगवाई तो मुझे सुई लगने पर कुछ दर्द महसूस नहीं हुआ। सभी बेझिझक टीका लगवाएं।'