उत्तर कश्मीर के हंदवाड़ा में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर के कमांडर हैदर को ठिकाने लगा दिया है। हैदर पाकिस्तान का रहने वाला था। इसके अलावा एक और आतंकी भी मारा गया है। आईजी कश्मीर विजय कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार हंदवाड़ा के चंजी मोहल्ला में शनिवार को दोपहर बाद मुठभेड़ शुरू हुई। आतंकी घटनास्थल से फरार न हो जाएं, इसके लिए सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। रिहायशी इलाका होने के चलते सुरक्षाबल एहतियात के साथ कार्रवाई कर रहे थे। वहीं, मुठभेड़ शुरू होने के बाद से हंदवाड़ा में इंटरनेट सेवा अस्थायी रूप से बंद है।
सैन्य अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर कि आतंकवादी कुपवाड़ा जिले के चंजी मोहल्ला, हंदवाड़ा में एक घर में लोगों को बंधक बना रहे हैं, सेना और जेके पुलिस द्वारा एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया था।