विश्वविद्यालय जम्मू में आगामी 7 से 13 नवंबर को हो रही नार्थ जोन हैंडबाल (पुरुष और महिला) चैंपियनशिप की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चैंपियनशिप के लिए विश्वविद्यालय में पांच कोर्ट स्थापित किए गए हैं। इसमें देशभर से सैकड़ों प्रतिभागी शिरकत कर प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे।
इसमें पुरुष और महिला वर्ग में 28-28 टीमें पहुंच रही हैं। इस बीच बुधवार को गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर और झांसी यूनिवर्सिटी बुंदेलखंड के खिलाड़ियों ने अभ्यास में कड़ा पसीना बहाया। विवि जम्मू हाल ही में करवाई गई नार्थ जोन बैडमिंटन चैंपियनशिप के बाद इस दूसरी चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है। चैंपियनशिप के लिए जालंधर से हैंडबाल पोल सहित अन्य उपकरण लाए गए हैं।
इसमें प्रतिदिन एक साथ कई मुकाबले करवाए जाएंगे, जिसमें पहले नाक आउट और उसके बाद लीग स्तर पर मुकाबले होंगे, जिसमें पहले, दूसरे और तीसरे स्थान की टीम को निकाला जाएगा। शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक प्रो. ध्यान सिंह भाऊ के अनुसार चैंपियनशिप सात नवंबर को सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। राष्ट्रीय स्तर की इस चैंपियनशिप के लिए स्थानीय खिलाड़ियों को देशभर से आए खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करने के साथ काफी कुछ सीखने को मिलेगा।
विवि की पुरुष और महिला टीम के लिए कोचिंग कैंप आयोजित किए गए हैं। इसमें खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के गुर सिखाए जा रहे हैं। चैंपियनशिप में प्रति टीम में सोलह खिलाड़ी और दो तकनीकी अधिकारी शामिल होंगे। हालांकि नवंबर के बीच ही हो रही स्नातक की सेमेस्टर परीक्षाएं खिलाड़ियों के लिए चुनौती बना हुआ है। इस चैंपियनशिप के बाद 16 से 19 नवंबर को विश्वविद्यालय जम्मू आल इंडिया अंतर जोन हैंडबाल (पुरुष और महिला) चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। यह पहला मौका है जब विवि एक साथ तीन राष्ट्रीय और उत्तर भारत स्तर की चैंपियनशिप करवा रहा है।