विपक्ष द्वारा रियासत में जीएसटी लागू किए जाने का विरोध करने पर कटाक्ष करते हुए पीएमओ राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि जीएसटी राज्यों को आर्थिक स्वायत्तता दिए जाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
जितेंद्र ने कहा कि ये आजादी के बाद पहली बार है जब किसी प्रधानमंत्री द्वारा संघीय ढांचे के साथ साथ सहकारी ढांचे को भी मजबूत करने की दिशा में इतना बड़ा फैसला लिया गया है। जितेंद्र ने जीएसटी लागू होने पर राज्य की स्वायत्तता को खतरा बताने वाले अपने विरोधियों की भी जमकर आलोचना की।
उन्होंने कहा कि जीएसटी के आने से देश में भ्रष्टाचार में कमी आएगी इसके साथ ही जटिल टैक्स प्रणाली को भी आसान किया जा सकेगा। जितेंद्र ने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद राज्य के छोटे और मझले व्यापारियों को बड़ा लाभ हो सकेगा।