कोरोना के तेज होते संक्रमण से निपटने के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार ने जम्मू संभाग के सभी दस जिलों में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। कश्मीर संभाग में पहले ही छुट्टियां रद्द की जा चुकी हैं। इस बीच सेना ने 25 अप्रैल को घोषित लिखित भर्ती परीक्षा अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दी है। श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में मेडिकल व पैरा मेडिकल कक्षाएं 15 मई तक के लिए टाल दी हैं। प्रदेश में लगातार दूसरे दिन 1500 से अधिक संक्रमित मरीज मिले हैं, जबकि पिछले 24 घंटे में छह लोगों की मौत हुई है।
जम्मू संभाग की स्वास्थ्य निदेशक डॉ. रेणु शर्मा की ओर से जारी आदेश में सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक और अन्य संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि डॉक्टर, नर्स, पैरा मेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मियों की गैर जरूरी सभी छुट्टियों को मंजूर न किया जाए। इसमें सिर्फ मातृत्व और आपात चिकित्सा छुट्टियों की ही मंजूरी दी जाए। कोई भी अधिकारी छुट्टी के आवेदन को आदेश के विरुद्ध स्वीकार अथवा अनुशंसा के लिए आगे नहीं भेजेगा।
जीएमसी और श्रीनगर में एमबीबीएस की कक्षाएं स्थगित
जम्मू कश्मीर में लगातार बढ़ रहे कोविड मामलों को देखते हुए जीएमसी जम्मू और श्रीनगर में एमबीबीएस की सभी कक्षाओं को 15 मई तक स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ बीएससी नर्सिंग, बीएससी पैरा मेडिकल कोर्स और अन्य पैरा मेडिकल कोर्स की कक्षाएं भी स्थगित की गई हैं।
ये भी पढ़ें- आतंकियों और तस्करों की खैर नहीं: लखनपुर-श्रीनगर हाईवे पर तीन जगह लगेंगे फुल बॉडी स्कैनर
ये भी पढ़ें- कोरोना ने तोड़ा पिछले साल का रिकॉर्ड: जम्मू-कश्मीर में पहली बार मिले इतने संक्रमित, रिकवरी दर गिरी