इमारत में लगी ईंटें कई स्थानों से उखड़ना शुरू
रेंज ऑफिस की इमारत के आसपास उगे पौधे व जंगली झाड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। नगर के बीचोबीच बनी सरकारी इमारतें रखरखाव के अभाव में खस्ताहाल स्थिति में हैं। जल्द ही इन इमारतों का जीर्णोद्धार नहीं किया गया तो यह कभी भी मिट्टी के ढेर में बदल सकती हैं। नगर के वार्ड चार कोर्ट रोड पर वेटरनरी अस्पताल की मुख्य इमारत मौजूदा समय के दौरान काफी खस्ताहाल है।
इमारत के एक बड़े हिस्से पर पेड़ उग आए हैं। इसके साथ ही इमारत में लगी ईंटें कई स्थानों से उखड़ना शुरू हो गई हैं। इमारत के भीतर मौजूदा समय के दौरान वेटरनरी डॉक्टर के अलावा स्टाफ के सदस्य रोजाना बैठकर ड्यूटी देते हैं। इसके साथ ही पास ही बनी वन विभाग की इमारत भी खस्ताहाल व खराब हो चुकी है। कर्मचारियों के लिए बनाए गए क्वार्टर टूटने की कगार पर हैं। रेंज ऑफिस की इमारत के आसपास पौधे व जंगली झाड़ियां उग आई हैं।
स्थानीय निवासी व आसपास के दुकानदार विशाल बडू, छोटू शर्मा, बिहारी लाल, अंग्रेज सिंह, केवल सिंह, पप्पू, लक्की सिंह ने खस्ताहाल हो चुकी इमारतों की स्थिति में सुधार लाने की अपील की। नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन सुदेश कुमार पूरी ने बताया कि उन के कार्यकाल के दौरान वेटरनरी अस्पताल को सुला वार्ड 13 में बने केटल शेड में शिफ्ट करने की फाइल तहसीलदार को दी गई थी, जिस पर आज तक काम नहीं हुआ। वन विभाग को भी अपनी इमारत का जीर्णोद्धार करवाना चाहिए ताकि लोगों को कोई परेशानी नहीं आए।
कोट
वेटरनरी ऑफिस की तरफ से उन्हें इमारत का जीर्णोद्धार करने का लिखित रूप से दिया गया है। जल्द ही इसका सर्वे करवाया जाएगा। अन्य इमारत बनाने का अगर उनके पास कोई लिखित आदेश आता है तो उस पर भी काम होगा।
- पवन बोगिया, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग