जम्मू-कश्मीर में सेना एवं सुरक्षाबलों के लिए वर्ष 2018 सबसे सफल वर्ष रहा है। दस साल के रिकार्ड के मुताबिक गत वर्ष सेना एवं सुरक्षाबलों ने सबसे अधिक 250 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया। इसके अलावा 54 आतंकियों को धर दबोचने में सफलता मिली है।
सुरक्षाबलों के दबाव के चलते पांच आतंकियों ने समर्पण किया है। यह सब दर्शाता है कि हमारी सेना एवं सुरक्षाबल कितने सक्षम हैं। आतंकियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यह कहना है नार्दर्न कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह का।
कलाई पुल के शुभारंभ के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जो आतंकी राज्य में आम नागरिकों की हत्याएं करने, उनको नुकसान पहुंचाने और आतंक फैलाने का काम करते थे हमारे सुरक्षाबलों ने सफलता के साथ उनको नष्ट किया है।
उन्होंने कहा कि सेना पाकिस्तानी सेना से एक कदम आगे है। उसकी हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। पाकिस्तान लगातार आतंकियों की भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कराने के प्रयास कर रहा है। नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी और स्नाइपर के हमलों को अंजाम दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेना पाकिस्तानी सेना और आतंकियों की हर हरकत को नाकाम करने में सक्षम है। उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। पाकिस्तान की तरफ से कुछ साल से स्नाइपर शॉट और आईईडी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। मगर भारतीय जवान हर स्थिति से निपटने में सक्षम हैं।