जंगल से मशरूम तोड़ना तीन चचेरी बहनों को महंगा पड़ गया। तीनों बहनों ने जंगली मशरूम की सब्जी बनाई। सब्जी खाने से तीनों बहनों की तबियत बिगड़ गई।
तीनों बहनों को पास के अस्पताल में ले जाया गया जहां एक की मौत हो गई और दो बहनों को जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना राजोरी जिले के दरहाल क्षेत्र के परोड़ी गांव की हैं।
जानकारी के अनुसार शाजिया कौसर पुत्री मंजूर हुसैन आयु 9 साल, तजीम अख्तर पुत्री मोहम्मद अकरम आयु 15, और इरफाना कौसर पुत्री मोहम्मद क्यूम उम्र 12 साल तीनों शनिवार की शाम पास के जंगल में मशरूम तोड़ने गई थीं।
यहां देर शाम वह घर को वापस लौटी। तीनों ने अपने-अपने घरों में सब्जी बनाई। बताया जा रहा है कि सबसे पहले तीनों ने ही सब्जी को खाया, क्योंकि तीनों मशरूम को तोड़ कर लाई थी।
सब्जी के खाते ही तीनों की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने तीनों को दरहाल अस्पताल ले गए। यहां से तीनों से राजोरी के जिला अस्पताल में रेफर किया गया।
यहां उपचार के दौरान शाजिया कौसर ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर हालत को देखते हुए तजीम और इरफाना को जम्मू के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।