गिलगित और बाल्टिस्तान को पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर का हिस्सा बताते हुए प्रदेश भाजपा ने कहा है कि पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर भी भारत का भाग है। पार्टी 1994 में संसद में पारित प्रस्ताव का पूर्ण समर्थन करती है।
जम्मू में शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार गुप्ता ने टुरटुक और नोबरा से पार्टी नेता गुलाम हैदर और हाजी मोहम्मद इब्राहिम के साथ संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर को अवैध रूप से पाकिस्तान ने अपने कब्जे में रखा हुआ है।
गुलाम हैदर ने कहा कि लद्दाख के लोगों का गिलगित और बाल्टिस्तान के लोगों जैसी संस्कृति है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान चीन की मदद से पीओजेके में रेल लाइन बिछाना चाहता है।
इसका कड़ा विरोध करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समय की जरूरत है कि पाक अधिकृत जम्मू-कश्मीर के हिस्से को मुक्त कराया जाए। इस अवसर पर भाजपा प्रवक्ता बलवीर राम रतन भी मौजूद रहे।