2024 के चुनाव मिशन में मोदी सरकार को हराने के सवाल पर आजाद ने कहा कि कांग्रेस सहित सभी दलों को अपनी कमजोरियों को ठीक करने पर काम करना चाहिए। हालांकि, 2024 अभी दूर है। ममता बनर्जी का अलग फ्रंट बनाना मुझे ठीक नहीं लगता है। आजाद ने कहा कि असम और मिजोरम पुलिस के बीच हुई भिड़ंत देश हित में नहीं है। ये शायद देश में पहली बार हुआ है कि जब दो राज्यों के जवान आपस में टकराए हैं। इसके लिए दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्र सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
37 विधानसभा क्षेत्रों से 110 शिष्टमंडल मिले
आजाद ने कहा कि वह जम्मू संभाग के दस जिलों का दौरा करने के इच्छुक थे, लेकिन कोविड और बरसात के कारण ऐसा नहीं हो सका। जम्मू में उनसे 37 विधानसभा क्षेत्रों से 110 शिष्टमंडल मिले हैं। जिसमें जम्मू संभाग के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
पहले भी करता था आगे भी प्रचार करता रहूंगा
आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार पर आजाद ने कहा कि वह पार्टी के लिए पहले भी प्रचार करते थे और आगे भी इसे जारी रखेंगे। आजाद ने कहा कि महंगाई और किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार संवेदनशील नहीं है। सरकार के विकास के प्रस्ताव जमीनी स्तर के बजाय कागजों में अधिक हैं। सर्वदलीय बैठक के बाद करीब डेढ़ साल बाद जम्मू-कश्मीर में परिमीसन आयोग पहुंचा है। लेह में हुए नए बदलाव पर आजाद ने कहा कि वर्तमान में कारगिल और लेह वाले भी राज्य की मांग कर रहे हैं। आजाद तीन दिन के दौरे के बाद मंगलवार को दिल्ली लौटेंगे।