आज घर-घर विराजेंगे गणपति
- फोटो : संवाद
भारतीय वैदिक संस्थान के अध्यक्ष संजय शास्त्री ने बताया कि पंडाल तैयार हो गया है। मुंबई से 16 फुट ऊंची प्रतिमा भी पहुंच चुकी है। इस बार बड़े स्तर पर कार्यक्रम होना है। सराजा ढक्की में गणेशोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। यहां पर 12 फुट ऊंचे पंडाल का निर्माण किया गया है। इसमें छह फुट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजक सनी ने बताया कि सुबह 10 बजे से 12 बजे तक मूर्ति स्थापना होगी। प्रतिदिन सुबह और शाम नौ बजे आरती होगी। बुधवार से यहां प्रतिदिन लंगर लगाया जाएगा।
यहां दिखती है महाराष्ट्र संस्कृति की झलक
सराजा ढक्की में हो रहे गणेशोत्सव को लेकर आयोजक सन्नी ने बताया कि पिछले 19 साल से यहां पर गणेशोत्सव मनाया जाता रहा है। रविवार को महाराष्ट्र की संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। झांकी के लिए हर साल महाराष्ट्र से बैंड मंगवाया जाता है। इस बार हम महाराष्ट्र की प्रसिद्ध झांज पतंग (ढोल का एक प्रकार) मंगवा रहे हैं। इसमें 45 लोगों की एक टीम होती है, जो इसे बजाते हैं। झांकी के लिए सबसे आगे डोगरा बैंड होता है। 28 को झांकी निकाली जाएगी। महाराष्ट्रीयन पगड़ी बांधने के लिए खास महाराष्ट्र से लोग बुलाए जाते हैं। झांकी में महिलाएं, बच्चे और पुरुष सभी पगड़ी बांधकर चलेंगे। साथ ही गुलाल के साथ होली भी खेलेंगे। गणेश उत्सव शहरवासियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होगा।