वीरवार को जम्मू-कश्मीर के विभिन्न ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा हिमपात होने से तापमान लुढ़क गया। उत्तरी कश्मीर गुलमर्ग में ताजा बर्फबारी हुई। भद्रवाह में बारिश और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा हिमपात होने से यहां का जनजीवन प्रभावित हुआ है।
नत्थाटाप, शिवगढ़ धार और सियोजधार क्षेत्रों में हलके हिमपात होने से इलाके का पारा गिर गया। लेह और कारगिल में अभी भी न्यूनतम पारा शून्य से नीचे जारी है। राजोरी में मौसम साफ रहा। जम्मू में भी मौसम का मिजाज दिन भर साफ बने रहने से हाईवे पर वाहनों की एकतरफा आवाजाही होती रही।
जम्मू से श्रीनगर के लिए तकरीबन छह हजार वाहन रवाना हुए जिसमें 25 सौ के करीब छोटे हलके वाहन शामिल रहे। भद्रवाह में 6.2 मिमी, काजीगुंड में 0.8 मिमी, पहलगाम में 5.0 मिमी, कोकरनाग में 0.7 मिमी बारिश हुई।
जबकि वीरवार सुबह साढ़े आठ बजे के रिकार्ड के आधार पर श्रीनगर में 20.6 मिमी बर्फ व बारिश पड़ी। जम्मू में 2.2 मिमी, पहलगाम में 8.5 सेमी बर्फबारी तथा गुलमर्ग में 16 इंच बर्फबारी हुई।
मौसम में सुधार के साथ ही कश्मीर के उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इसी के चलते कुपवाड़ा, बांडीपोरा, बारामुला, अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा और गांदरबल के साथ साथ कारगिल के उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी दी गई है।