जम्मू। कोरोना के इस दौर में ऑनलाइन ठगी के मामलों में बढ़ोतरी होती जा रही है। जम्मू संभाग में अप्रैल और मई में 18 से ज्यादा मामले आ चुके हैं। वहीं, अक्तूबर से लेकर अब तक कुल 150 से ज्यादा मामले दर्ज हुए। इनमें से 40 हल कर दिए गए हैं। यानी लोगों से की गई ठगी का पैसा पुलिस ने वापस दिलवाया है।
पुलिस के अनुसार लॉकडाउन में लोगों के पास रोजगार नहीं है। ऐसे में शातिर ठग फोन कर उन्हें लालच दे रहे हैं। ऑनलाइन शॉपिंग करने में भी लोग ठगी का शिकार हुए हैं। उन्हें सामान की जगह पत्थर और ईंटें मिली हैं। पुलिस के अनुसार लोगों को ठगी के लिए फोन कॉल आ रही है। इसमें कई प्रलोभन दिए जा रहे हैं। जैसे लॉटरी लगी है। मोबाइल नंबर का लकी ड्रॉ निकला है। कुछ मामलों में कॉल कोड या खास नंबरों से आ रही हैं। यह तमाम नंबर बाहरी देशों के सामने आए हैं। इन पर जांच चल रही है।
ध्यान से फोन सुनें, ठगी की आशंका पर फोन काट दें
पुलिस के अनुसार इन ठगों से बचने का एक ही तरीका है। पहले लोग ध्यान से फोन सुनें। अगर लग रहा है कि उनके साथ पासवर्ड या अन्य नाम पर कमाई का झांसा दिया जा रहा है। तो तुरंत फोन काट दें और पुलिस को सूचित करें। ठगों को अपने खाता नंबर या फिर अन्य पासवर्ड संबंधी जानकारी न दें। अपने पासवर्ड हमेशा बदलते रहें।
सबसे ज्यादा अनपढ़ या फिर बुजुर्ग आ रहे झांसे में
ऑनलाइन ठगी के मामले में सबसे ज्यादा बुजुर्ग या फिर अनपढ़ व्यक्ति झांसे में आ रहे हैं। अब तक एटीएम पैन नंबर देने में सबसे ज्यादा अनपढ़ या बुजुर्गों की ही शिकायतें आई हैं। अकसर अनपढ़ व्यक्ति ठगों की चाल नहीं समझ पाते।
केस हिस्ट्री एक
आरएस पुरा के एक फौजी की फेसबुक पर एक युवती दोस्त बनी। बाद में व्हाट्सएप पर कॉल कर उसे अपनी ओर आकर्षित किया। बाद में वीडियो कॉल कर अपनी अश्लील वीडियो दिखाई। इसके बाद वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी दी। मामला जांच के लिए साइबर पुलिस के पास पहुंचा है।
केस हिस्ट्री दो
शहर के एक वकील ने ऑनलाइन कैमरा खरीदा। इसमें कंपनी की ओर से सामान न भेजकर बोतल भेज दी गई। मामले को साइबर पुलिस हल कर रही है। अभी तक कैमरा नहीं मिल पाया है। इसके लिए पचास हजार रुपये जमा करवाए गए थे।
-------
ठगों से लोग सावधान रहें। ठगी की आशंका पर पुलिस को सूचित करें। अब तक साइबर सेल में आए मामलों को हल किया जा रहा है। कुछ मामले हल कर दिए गए हैं। अपना पासवर्ड किसी को न दें। बार-बार पासवर्ड चेंज करते रहें।
-चंदन कोहली, एसएसपी, जम्मू