फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जम्मू कश्मीर: हर तरफ है सिर्फ तबाही और मौत का मंजर

विज्ञापन
विज्ञापन
कुदरत के कहर का ऐसा कोहराम रियासत के वाशिंदों ने पिछले साठ सालों में कभी नहीं देखा। जल तांडव में मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 51 और मौतों के साथ मरने और लापता होने वालों की संख्या 130 के पार हो गई है।
विज्ञापन


बिजली ढांचा बुरी तरह चरमरा गया है। संचार सेवाएं अस्त-व्यस्त हैं। दो दर्जन से ज्यादा छोटे-बड़े पुल ध्वस्त हो गए हैं। जम्मू-श्रीनगर, श्रीनगर-लेह राजमार्ग और मुगल रोड बंद हैं। अलग-अलग स्थानों पर कई किलोमीटर सड़कें पानी में बह गई हैं।

नदियां बेकाबू उफान पर हैं। झेलम तो सारे रिकार्ड तोड़ते हुए अपने अब तक के सबसे ऊंचे जलस्तर 35 फुट तक जा पहुंची। यह खतरे के निशान से 12 फुट ऊपर है। जम्मू-अखनूर को जोड़ने वाले स्टील ब्रिज पर यातायात बंद कर दिया गया है।
विज्ञापन


डूबी बारात की बस से मिले 27 और शव

एक हजार से ज्यादा परिवारों के बेघर होने का अनुमान हैं। बड़ी संख्या में लोगों को राहत शिविरों में पुहंचाया गया है। केवल कश्मीर में ही चार दिनों में साढ़े चार सौ करोड़ के कारोबार का नुकसान हुआ है। रियासत में होने वाले जान-माल के कुल नुकसान का आकलन अभी मुमकिन नहीं है, फिर भी एक हजार करोड़ से भी ज्यादा का नुकसान होने की आशंका है। बरसात के कारण करीब 500 शादियां टाल दी गईं हैं।

नौशेरा में वीरवार को डूबी बस के 27 और मुसाफिरों के शव मिल गए हैं। शुक्रवार को राजोरी में भूस्खलन से 17 लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति डूबने से मारा गया। राजोरी जिले के मंझाकोट में दो साल के बालक और ककोरा में पांच वर्षीय बालिका की पानी में डूबने से मौत हो गई।

सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक पुंछ में 19 लोगों की मौत हुई। हिल काका में पांच, गुंडी में एक, खेत/सब्जियां में नौ और गगरियां में चार लोगों की मौत हुई है। डेढ़ सौ से ज्यादा लोग फंसे हैं। पुंछ का दरुंगली नाला पुल पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है।

लोगों को बचाने में जी जान से जुटी सेना

रियासी जिले की माहौर तहसील के चसाना गांव में मकान गिरने से साझो बेगम और जान बेगम की मौत हो गई। रियासी में अलग-अलग नालों को पार करते तीन लोग बह गए। कश्मीर के कुंजर इलाके में बाढ़ का मंजर देखकर एक बुजुर्ग की हृदयगति रुकने से मौत हो गई।

कुलगाम में पुल ढहने से दो लोग तेज बहाव में बह गए। बडगाम में लकड़ियां चुनने गया एक व्यक्ति तेज बहाव में बहने लगा तो उसके दोनों बेटे भी उसे बचाने के लिए नदी में कूद गए। तीनों बहाव में बह गए। एक व्यक्ति टंगमर्ग में डूब गया।

सेना ने कई इलाकों में बोट के जरिए बचाव अभियान चलाया। अखनूर में वायुसेना ने हेलिकाप्टर से फंसे लोगों को निकाला। कटड़ा में माता वैष्णो देवी की यात्रा शुक्रवार को दूसरे दिन भी स्थगित रही। सीमा सड़क संगठन की टीमें नेशनल हाईवे साफ करने में जुटी हैं।

हाइवे बंद, घाटी के कई इलाकों का संपर्क कटा

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला हालात देखने रात को स्वयं बाढ़ पीड़ित इलाकों में पहुंचे। श्रीनगर के संगम में झेलम का जलस्तर 35 फुट पहुंच गया, श्रीराम मुंशी बाग में झेलम का जलस्तर 22.4 फुट पहुंच गया, जो खतरे के निशान से पांच फुट ऊपर है।

उड़ी के श्रीनगर-मुजफ्फराबाद मार्ग पर एनएस ब्रिज के ध्वस्त होने से इलाका पूरी घाटी से कट गया। बड़ी संख्या में सैन्य वाहन फंसे हुए हैं। जम्मू में भी तवी का जलस्तर दिनभर खतरे के निशान के ऊपर रहा। उज्ज दरिया भी खतरे के निशान से ऊपर है।

कश्मीर घाटी में 60 मुख्य और छोटी सड़कें ध्वस्त होने से कई इलाके मुख्य धारा से कट गए। कठुआ जिले में प्रशासन ने 61 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। बारिश से दस मकान जमींदोज हो गए। 41 मकानों क्षतिग्रस्त हुए।
विज्ञापन

बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा करेंगे राजनाथ

रियासत में बाढ़ प्रभावित इलाकों में हुए नुकसान का जायजा लेने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को रियासत का दौरा करेंगे। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह भी उनके साथ रहेंगे। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक शनिवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह श्रीनगर पहुंचेंगे और बाढ़ के बाद बनी स्थिति का आन स्पाट जायजा लेंगे।

राजनाथ सिंह जिला अनंतनाग में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे करेंगे। इसके बाद शेर ए कश्मीर कन्वेंशन सेंटर में वे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बैठक कर स्थिति पर चर्चा करेंगे। श्रीनगर से केंद्रीय गृह मंत्री जम्मू संभाग के पुंछ-राजौरी जिलों में हुई बाढ़ से ह्रुइ तबाही की जानकारी लेने के लिए दोनों जिलों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे।

इसके बाद जम्मू में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह के साथ मंडलायुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बैठक कर बचाव अभियान की जानकारी जुटाएंगे। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार शाम दिल्ली रवाना होने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री पत्रकारों से भी बात करेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें