मूसलाधार बारिश और बाढ़ से जम्मू के व्यापार से लेकर पर्यटन तक पर असर पड़ा है। पर्यटकों की आमद में काफी गिरावट आई है। इसकी वजह से पर्यटन क्षेत्र से जुड़े कई व्यापार ठिठक गए हैं। टैक्सी, टैंपो से लेकर धार्मिक स्थलों पर स्थित बाजारों में चहल-पहल कम देखने को मिल रही है।
टैक्सी आपरेटर यूनियन रेलवे स्टेशन के जनरल सेक्रेटरी संजय शर्मा ने बताया कि मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण टैक्सी ट्रांसपोर्ट पर बुरा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि रियासत में बदले हालात के चलते पर्यटक आने से कतरा रहे हैं। इस कारण टैक्सी यूनियन का रोजाना के हिसाब से पंद्रह लाख रुपये तक का नुकसान हो रहा है।
उन्होंने बताया कि जम्मू में सभी टैक्सी यूनियन ब्रांच से चार सौ के करीब टैक्सी और अन्य वाहन जम्मू से कटड़ा और दो सौ के करीब टैक्सी और अन्य वाहन जम्मू से श्रीनगर के लिए रोजाना अप डाउन करते थे। टैक्सी ड्राइवर गौज खान, अमनदीप सिंह और बलवीर चौधरी ने बताया कि कटड़ा के लिए थोड़े बहुत यात्री आ रहे हैं, लेकिन पहले जैसी संख्या नहीं दिख रही।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों की संख्या में गिरावट आने के कारण उनकी रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। घर-परिवार का खर्चा चलाने में दिक्कतें आने लगी हैं। वहीं रघुनाथ बाजार एसोसिएशन के प्रधान बलदेव खुल्लर ने बताया कि बाढ़ से हालात बिगड़ने के कारण पर्यटन क्षेत्र से लेकर व्यापार पर गहरा असर पड़ा है।