किश्तवाड़ में फ्लैश फ्लड के बाद बहाली का काम शुरू
- फोटो : संवाद
लोक निर्माण विभाग और बीआरओ ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और सड़क की मरम्मत व बहाली का काम शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। देर शाम तक सड़क बहाल होने की संभावना जताई गई है।
हाकू नाला बना संवेदनशील स्थान
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हाकू नाला में अचानक बड़ी मात्रा में पानी आ जाता है। तेज बहाव के कारण यहां सड़क को नुकसान पहुंचने का खतरा लगातार बना रहता है। इससे पहले भी कई बार फ्लैश फ्लड के कारण इस मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो चुकी है। लगातार बारिश के मौसम को देखते हुए गुलाबगढ़-मचैल मार्ग को यात्रियों के लिए संवेदनशील माना जा रहा है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
किश्तवाड़ में फ्लैश फ्लड के बाद बहाली का काम शुरू
- फोटो : संवाद
डेढ़ महीने से बारिश और फ्लैश फ्लड का सिलसिला
पिछले करीब डेढ़ महीने से किश्तवाड़ जिले के अलग-अलग इलाकों में लगातार बारिश, बादल फटने और फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर नालों में अचानक पानी बढ़ने से सड़कें और संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं। हालांकि, इसके बावजूद मचैल माता यात्रा जारी है और रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता चंडी के दर्शन के लिए मचैल पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से बारिश के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील स्थानों और नालों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा मौसम और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।