राज्यपाल एनएन वोहरा ने कहा है कि फ्लैग डे फंड के लिए ज्यादा बड़े संसाधनों का उपयोग किया जाना चाहिए, ताकि मातृभूमि की रक्षा करते हुए महत्वपूर्ण बलिदान करने वाले सैनिकों, वायुसैनिकों और सेलरों के परिवार वालों का कल्याण किया जा सके।
उक्त बातें वोहरा ने राजभवन में आयोजित फ्लैग डे समारोह में कहीं। इस दौरान वह सैन्य अफसरों से रूबरू हुए। उन्होंने सैनिक वेलयफेयर बोर्ड के डायरेक्टर ब्रिगेडियर हरचरण सिंह (रिटायर्ड) से रियासत के पूर्व सैनिकों के कल्याण में किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट ली।
इस दौरान उन्होंने मुख्य सचिव बीआर शर्मा, प्रधान गृह सचिव आरके गोयल से बातचीत के दौरान सैनिकों के पैंडिंग मसलों की जानकारी हासिल की। राज्यपाल के प्रधान सचिव पीके त्रिपाठी, जिला सैनिक भलाई अफसर कर्नल जेडीएस कोतवाल (रिटायर्ड), कर्नल प्रभु सिंह (रिटायर्ड), कैप्टन बाना सिंह और हवलदार रशिद अहमद (रिटायर्ड) उपस्थित थे।
सैनिक वेलफेयर बोर्ड के डायरेक्टर मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद से भी मिले। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि इस मौके पर ज्यादा से ज्यादा योगदान करें, ताकि पूर्व सैनिकों, विधवाओं और शहीदों के आश्रितों की मदद की जा सके।