स्नातक पहले वर्ष की बीकाम, बीबीए, बीसीए और बीएससी की सेमेस्टर परीक्षाओं का वीरवार को आगाज हुआ। इसमें जम्मू विश्वविद्यालय के अधीन सरकारी और निजी कालेजों में करीब 23 हजार विद्यार्थी परीक्षाओं में बैठे हैं।
पहली बार हो रही इन सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर परीक्षार्थियों में उत्साह है। जम्मू विवि से परीक्षा कंट्रोलर प्रो. केशव शर्मा के अनुसार पहले दिन परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से हुई। परीक्षाओं में नकल को रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वायड टीमें गठित की गई हैं जो परीक्षा केंद्रों के औचक दौरे कर रही हैं
।
जीजीएम साइंस कालेज के परीक्षा नोडल अधिकारी सतिंद्र सिंह के अनुसार परीक्षाओं को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां की गई हैं। इसके लिए कालेज प्रशासनों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पहले दिन सुबह और दोपहर के दो सत्रों में परीक्षाएं आयोजित की गईं।
एमएएम कालेज से परीक्षा देकर निकले सुनील शर्मा ने कहा कि सेमेस्टर परीक्षाओं से विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। इसमें विद्यार्थी सेमेस्टर स्तर पर अपना पाठ्यक्रम पूरा कर पाएंगे, जिससे आखिर में उन पर मानसिक दबाव नहीं होगा। इसी तरह परीक्षार्थी मधु गुप्ता ने कहा कि सेमेस्टर परीक्षाओं से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के बारे में पूरी स्थिति साफ है।
इसमें सेमेस्टर के मुताबिक पाठ्यक्रम को तैयार किया गया है। इससे पहले वार्षिक परीक्षाओं में सारी तैयारी आखिर में करनी पड़ती थी। परीक्षाओं में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
उल्लेखनीय है कि पहले इन परीक्षाओं को दिसंबर में आयोजित किया जाना था, लेकिन सितंबर 2014 में बाढ़ के बाद परीक्षाओं को जनवरी में आयोजित किया जा रहा है। सेमेस्टर परीक्षाएं आगामी 27 जनवरी तक जारी रहेंगी।