घायल जवानों का हालचाल लेने के लिए बीएसएफ के डीजी डीके पाठक भी गुरूवार को जम्मू मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जवानों से मिलने के बाद उन्होंने बताया कि सभी जवानों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जाएगा।
विज्ञापन
डीके पाठक ने कहा, सीमा पर हमारे जवान पूरी तरह मुस्तैद हैं और दुश्मनों के हमले का जवाब देने को तैयार हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार रात को सीमा पार से तीन बजे तक गोलीबारी हुई।
फिलहाल सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अभी पाकिस्तान से फ्लैग मीटिंग के बारे में कोई बात नही हुई है। सीमा पर तनाव खत्म होने और सीमा पार से गोलीबारी रूकने के बाद ही इस बारे में बात की जाएगी।
विज्ञापन
चिनाज पोस्ट पर फिर गोलाबारी
बुधवार रात को एक बार फिर से पाक रेंजर्स ने सीज फायर का उल्लंधन करते हुए गोलीबार शुरू कर दी। बुधवार को ही सुबह करीब 11 बजे भी पाक सीमा की तरफ से रेंजर्स ने गोलीबारी की थी जिसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया। रात को हुई गोलीबारी के जवाब में भारतीय सेना के जवानों ने भी फायरिंग की।
देर रात करीब तीन बजे तक आरएसपुरा सेक्टर में दोनों सेना के जवानों में गोलीबारी जारी रही। रात 10.45 बजे अरनिया सेक्टर की चिनाज पोस्ट पर फिर से भारी गोलाबारी शुरू हुई।
धान की रोपाई में हो रही परेशानी
अरनियां की पित्तल पोस्ट पर पाक रेजरों की गोलीबारी से जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के किसान भी सहमे हुए हैं। किसानों के अनुसार, उन्हें उस समय भारी परेशनियों का सामना करना पड़ता है। जब फसल के समय पाक रेंजर सीमा पर गोलीबारी शुरूकर देते हैं।
जिले के सीमावर्ती गांव चचबाल जो आईबी से केवल दो सौ मीटर दूरी पर बसा है, के स्थानीय लोगों की भूमि तारबंदी के साथ सटी है। पाक रेंजरों द्वारा की जाने वाली गोलीबारी से उन्हें हमेशा डर लगा रहता है। स्थानीय निवासी प्रीथि सिंह, सरत सिंह, अजय सिंह, प्रीतम सिंह, अमरती देवी आदि ने बताया की उनका गांव सीमा के बिलकुल ही करीब है। उनके गांव से आईबी केवल दो सौ मीटर की दूरी पर है। जबकी उन की भूमि तारबंदी के साथ है।
उन्हें पता चला है की अरनियां में पाक रेंजरों ने गोलीबारी की है, जिसमें एक किसान भी घायल हो गया है। अब उन्हें डर लग रहा है कि कहीं धान की रोपाई करते समय पाक रेंजर कहीं उन्हें ही निशाना न बना दें। उन्होंने बताया की जब भी फसल लगाने व समेटने का समय होता है तो पाक रेंजर गोलीबारी कर किसानों को परेशान कर देते हैं।
गांव की पंचायत की नायब सरपंच नारेन्द्र कौर की देखरेख में लोगों ने पाकिस्तान द्वारा अकारण फायरिंग करने पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि सीमावर्ती क्षेत्र में कब पाकिस्तान द्वारा फायरिंग कर दी जाएगी कोई पता नहीं।
पहले यूपीए की सरकार ने भी सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए थे, अब नरेंद्र मोदी सरकार भी उसी के रास्ते पर चल रही है।
गांव के पंच मदन लाल, रौशन लाल, राजेन्द्र कुमार, नरिजन सिंह का कहना है कि जब तक पाकिस्तान को उसकी भाषा में जवाब नहीं दिया जाता, तब तक इस प्रकार चलता रहेगा और सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों को इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकानी पडे़गी।
उधर, शाम 4.50 से पांच बजे तक अरनियां क्षेत्र की निकोवाल पोस्ट पर पाक सेना ने फायरिंग की। जिसका जवाब भारतीय सेना ने भी दिया।