आग लगने से एक घोड़ा भी बुरी तरह झुलसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। क्षेत्र के गांव लसबाडा में एक कुल्ले में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इससे कुल्ले के अंदर रखे कपड़े, राशन सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में एक घोड़ा भी बुरी तरह झुलस गया। यह कुल्ला शेर अली का था। आग लगने की घटना उस वक्त हुई जब वह ईद की नमाज अदा करने गया था।
जानकारी के अनुसार मौका-ए-वारदात से गुजर रहे कुछ लोगों ने कुल्ले से धुआं निकलते देखा। वे दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। मगर आग इतनी भीषण थी कि आग पर काबू नहीं पाया जा सका। उन्होंने गांव के सरपंच को फोन पर घटना की जानकारी दी, और सरपंच ने पुलिस को सूचित किया। तब पुलिस ने घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भेजी। लेकिन, जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची, आग सब कुछ जला कर राख कर चुकी थी।
सरपंच पदम देव सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि यह एक गरीब परिवार है। आग से इनका सारा राशन, कपड़े और कुल्ले में रखा अन्य सामान घोड़ा सहित जल गया है। घोड़े के बचने की बहुत कम उम्मीद है। प्रशासन परिवार को टेंट, राशन, आदि जरूरी सामान देकर मदद करे।