जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में शनिवार को भीषण आग लग गई। जिसकी जद में आने से नौ दुकानें जलकर खाक हो गईं। उधर, जम्मू-कश्मीर सड़क परिवहन निगम (जेकेआरटीसी) के यार्ड में आग लगने की एक अन्य घटना में एक बस और दर्जनों टायर जल गए।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि पुंछ के मंडी इलाके में तड़के करीब पौने चार बजे लोरान बस स्टैंड के पास एक दुकान में आग लगी। देखते ही देखते आग आसपास की दुकानों तक फैल गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मी आग पर काबू पा सके। हालांकि नौ दुकानें जल गईं। आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है।
एक अन्य घटना में जम्मू के नरवाल इलाके में ट्रांसपोर्ट नगर में जेकेआरटीसी टायर पंक्चर मरम्मत कार्यशाला में सुबह करीब साढ़े आठ बजे आग लगी। दमकल और आपात सेवा के कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी।