दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल में पांच दिसंबर को हुए ग्रेनेड हमले में एक और घायल की मौत शुक्रवार को श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल में हो गई। इसके साथ ही इस हमले में मरने वालों की संख्या तीन हो गई।
हमले में पांच लोग घायल हो गए थे। दो का इलाज अभी भी चल रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि त्राल के लाम इलाके के रहने वाले फैयाज अहमद की शुक्रवार सुबह अस्पताल में मौत हो गई।
इससे पहले हमले में गुलाम हस्सन गोजरी और मोहम्मद शफी गोजर मारे गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फैयाज की मौत के बाद त्राल इलाके में लोगों ने अपना रोष जताते हुए दुकानें बंद रखीं और बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया।
वह मांग कर रहे थे कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। वहीं एसपी अवंतिपुरा ताहिर सलीम के अनुसार, मामले में जांच जारी है और जल्द हमलावरों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
चौबीस घंटे में पर्स छीनने वाला पकड़ा
जम्मू के परेड में बीस घंटे के अंदर महिला का पर्स छीनकर भागने वाले को पकड़ा है। चौकी इंचार्ज राहुल महाजन के मुताबिक आरएस पुरा निवासी जोगिंद्र पाल उर्फ पिंटू के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक वीरवार की शाम को कालीजनी इलाके में रहने वाली सत्या देवी ने शिकायत में बताया कि कालीजनी इलाके में किसी ने उनका पर्स छीन लिया है। पर्स में कुछ नकदी भी थी।
एसपी नार्थ एसके चौहान और एसपी एसडीपीओ प्रबीत सिंह ने टीम गठित की तो परेड चौकी प्रभारी ने परेड इलाके से आरोपी को दबोच लिया। पर्स भी बरामद कर लिया गया है।