नई दिल्ली की गलत नीतियों के चलते भारत-पाकिस्तान सीमा पर अनिश्चितता का हवाला देते हुए नेकां के अध्यक्ष डा. फारूक अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार ने रियासत को विनाश की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। आरएसएस को खुश कर अपनी कुसी बचाने के लिए पीडीपी यह सब कर रही है।
श्रीनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं के बात करते हुए फारूक ने कहा कि आए दिन देखा जाए तो स्थिति बिगड़ती जा रही है, लेकिन जो कट्टरपंथी ताकतें हैं वह आए दिन मजबूत होती दिख रही हैं। जहां कश्मीर में अनिश्चितता बढ़ती जा रही है, वहीं जम्मू संभाग में सांप्रदायिक तत्व घुसपैठ कर अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं।
एक ओर आए दिन क्रेकडाउन, गिरफ्तारियां, रेड आदि कश्मीर में माहौल बिगाड़ने के लिए कराए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार के संरक्षण का लाभ उठाने वाली सांप्रदायिक ताकतों द्वारा लोगों को परेशान किया जा रहा है।