रियासी। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर रनसू में तीन दिवसीय मेला 25 फरवरी से शुरू होगा। महाशिवरात्रि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने पाए इस के लिए डीसी निधि मलिक ने सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों साथ बैठक की।
डीसी ने सभी अधिकारियों को मेले के दौरान अपनी भूमिका निभाने को कहा। महाशिवरात्रि के अवसर पर रनसू से शिव गुफा तक लोगों की भीड़ उमड़ती है। भीड़ को नियंत्रण करने और लोगों की सुरक्षा पर चर्चा हुई। एसएसपी परमवीर सिंह ने डीसी साथ सुरक्षा के अहम बिंदुओं पर बात की और आने वाले लोगों को पूरी सुरक्षा देने का आश्वासन दिया। डीसी ने स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान एम्बुलेंस के इंतजाम करने के लिए कहा।
अग्निशमन वाहन की सुविधा देने के साथ ही बिजली व पीने के पानी की व्यवस्था बनाए रखने के आदेश दिए। ट्रैफिक की व्यवस्था सही रहे इस के लिए आपस में बेहतरीन तालमेल बनाए रखने को कहा। मेले के सफल आयोजन के लिए सभी को मिलजुल कर काम करने की बात की। बैठक में एडीडीसी सुखदेव सिंह संबयाल,एक्सक्यूटिव ऑफिसर श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड प्रदीप कुमार,एसीआर अंशुमली शर्मा,एडिशनल एसपी इफ्तिखार अहमद भी उपस्थित रहे।