सब डॉन के नाम से मशहूर सब्जार अहमद भट को मोहब्बत में मिली नाकामी ने खूंखार आतंकी सरगना बना दिया। लड़की के घरवालों द्वारा निकाह की गुजारिश ठुकरा देने के बाद 2015 में वह हिजबुल में शामिल हो गया। इसके लिए उसने एक पुलिसकर्मी की राइफल छीनकर अपनी काबिलियत साबित की थी। अपनी क्रूरता के चलते जल्दी ही वह बुरहान बानी का दाहिना हाथ बन गया।
बताते हैं कि कश्मीर में नफरत फैलाने और हिंसा भड़काने के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल का मूल आइडिया सब्जार का ही था। वह आतंकियों की मुखबिरी करने वालों पर कहर ढाने के लिए भी कुख्यात था।
पुलिस और सुरक्षा बलों पर हुए कई हमलों में भी वह सक्रिय रूप से शामिल रहा। बुरहान गिरोह के जितने भी वीडियो वायरल हुए उनमें से ज्यादातर में सब्जार बुरहान की बगल में ही खड़ा दिख रहा है। सोशल साइट्स पर उसने कई ऐसे ग्रुप बना रखे थे जो सुरक्षा बलों के प्रति लोगों को भड़काने का काम करते थे। बुरहान बानी के जनाजे में भी उसे देखा गया था।